मैं जानती हूँ - पुष्पिता

पुष्पितापुष्पिता14 Sept 1960

5 min read · 12.4K reads

मैं जानती हूँ तुम्हें
जैसे
फूल जानता है गंध
मैं जानती हूँ तुम्हें
जैसे
पानी जानता है अपना स्वाद

मैं जानती हूँ तुम्हें
जैसे
धरती जानती है जल पीना
मैं जानती हूँ तुम्हें
जैसे
फूल जानता है अपना फल, अपना बीज
मैं जानती हूँ तुम्हें
जैसे
हवाएँ पहचानती हैं मानसूनी बादल
बादल जानते हैं धरती की प्यास

मैं जानती हूँ तुम्हें
जैसे
शब्द जानते हैं अपने अर्थ

मैं जानती हूँ तुम्हें
जैसे
पृथ्वी जानती है सृष्टि का ॠतुचक्र
ॠतुचक्र जानते हैं अपने फल, फूल, फसल

मैं जानती हूँ तुम्हें
जैसे
वर्षा पहचानती है अन्न, कीट-पतंग

मैं जानती हूँ तुम्हें
जैसे
फुनगी जानती है जड़ों की ज़रूरत
और जड़ें पहचानती हैं फुनगी की खुराक

मैं जानती हूँ तुम्हें
जैसे
बीज सूँघते हैं ॠतुओं की गंध
और पृथ्वी जानती है बीज की अकुलाहट

मैं जानती हूँ तुम्हें
जैसे
स्त्री अनुभव करती है
भ्रूण के शिशु होने का स्पंदन
जैसे
आत्मा जानती है देह की ज़रूरत
देह जानती है आत्मा का सुख ।
पुष्पिता
About the poet

पुष्पिता

View profile & all 196 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like