ग़रीब का चाँद - पुष्पिता

पुष्पितापुष्पिता14 Sept 1960

5 min read · 12.4K reads

पूर्ण चाँद
अपने रुपहले घट के अमृत को
बनाकर रखता है
तरल पारदर्शी
नारियल फल भीतर
चुपके से
गहरी रात गए
अनाथ शिशुओं का दूध
बनने के लिए।

निर्धन का धन
सूरीनामी वन
जिन पर ईंधन भर
या हक़ छावनी छत भर
जैसे गाय या बकरी का
पगडंडियों की घास पर
होता है हक़।

पत्तों की छतों पर
पुरनिया टीन की छाजन पर
चंदीली वर्क लगाता है चाँद
ताज़ी बर्फी की तरह
मीठी लगती है ग़रीब की झोपड़ी
विश्राम के आनंद से भरपूर।

रुपहले रंग की तरह
पुत जाता है चाँद
पूर्ण पृथ्वी पर
बगैर किसी भेद के
जंगल, नदी, पहाड़ को
एक करता हुआ।

घरों को अपने रुपहले
अंकवार में भरता हुआ
मेटता है गोरे-काले रंग के
भेद को।

पूर्ण चाँद
प्रियाओं के कंठ में
सौंदर्य का लोकगीत बनकर
तरंगित हो उठता है
जबकि
रात गए सन्नाटे में
झींगुर भी
अपनी ड्यूटी से थककर
सो चुका होता है
नए कोलाहल के
स्वप्न देखने के लिए।
पुष्पिता
About the poet

पुष्पिता

View profile & all 196 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like