आस्था के अक्षत - पुष्पिता

पुष्पितापुष्पिता14 Sept 1960

4 min read · 12.4K reads

सूर्य को
सौंप देती हूँ तुम्हारा ताप

नदी को
चढ़ा देती हूँ तुम्हारी शीतलता

हवाओं को
सौंप देती हूँ तुम्हारा वसंत

फूलों को
दे आती हूँ तुम्हारे ओंठों की रंगत

वृक्षों को
तुम्हारे स्पर्श की ऊँचाई

धरती को
तुम्हारा सोंधापन

प्रकृति को
समर्पित कर आती हूँ तुम्हारी साँसों की छुअन

वाटिका में
लगा आती हूँ तुम्हारे विश्वास का अक्षय वट

तुम्हारी छवि से
बनाती हूँ प्रेम की कोमल छवि
चुपचाप कहने आती है जो
तुम्हारी भोली अनजी आकांक्षाएँ
तुम्हारे मीठे अनजाने स्वप्न
तुम्हारे दिवस का एकांत एकालाप
तुम्हारी रातों का एकाकी करुण विलाप

मंदिर की मूर्ति में
दे आती हूँ तुम्हारी आस्था
ईश्वर में
ईश्वरत्व की शक्ति भर पवित्रता
तुमसे मिलने के बाद।
पुष्पिता
About the poet

पुष्पिता

View profile & all 196 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like