यूँ ही टूट जाते हैं तटबन्धन - पूजा कनुप्रिया

पूजा कनुप्रियापूजा कनुप्रिया21 Sept 1986

3 min read · 12.4K reads

आसमां से बरसती क़यामत
ठण्डी-ठण्डी बूँदों से सिहर जाते
प्रेम-पथ के राही
एक-दूसरे को संभालते बचाते
बाँहों में बन्द
कि छूने न पाए
एक भी कतरा बादल का

यूँ ही टकराती हैं आँखें
खो जाती हैं
छू लेती हैं
अंतस को
सुन लेतीं हर अनकही
कह देतीं हर अनसुनी

लहराने लगते हैं
पलकों के दुपट्टे
डगमगाने लगती है
सब्र की नाव
उठने लगते हैं
कई कई तूफ़ान ह्रदय में
 
यूँ ही टूट जाते हैं तटबन्धन
छूट जाती हैं सीमाएँ
और
निकल जाते हैं राही
अपने किनारों से बाहर
पूजा कनुप्रिया
About the poet

पूजा कनुप्रिया

View profile & all 20 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like