फागुन के गुन - प्रेमरंजन अनिमेष

प्रेमरंजन अनिमेषप्रेमरंजन अनिमेष

4 min read · 12.4K reads

गा रे गा मन फागुन के गुन

भीतर भीतर कुछ पगता है
रंग तभी ऐसा जगता है

होंठ तुम्हारे जामुन-जामुन

नहीं अगर आता है गाना
कहीं हवा से कान लगाना

गा फिर उसकी सन-सन सुन-सुन

रंगों से ये गीत रँगे हैं
अक्षर-अक्षर रंग लगे हैं

गुन इनको भौंरे-सा गुन-गुन

भोर साँझ वाले अम्बर से
फूलों से चिड़ियों के पर से

रंग अनूठे रखना चुन-चुन

ऐसा रंग लगाना प्यारे
मन के रंग रँगाना प्यारे

छुड़ा सके ना कोई साबुन

सूरज करता रोज़ ठिठोली
आसमान में रचे रँगोली

रात उतरती रुनझुन-रुनझुन

खेल रहे हैं दामन-चोली
कैसी खून सनी अब होली

सगुन बना ऐसे सब असगुन

रंगों से है रची जिन्दगी
रंगों में है बची जिन्दगी

चल बाँटें अनिमेष यही पुन
प्रेमरंजन अनिमेष
About the poet

प्रेमरंजन अनिमेष

View profile & all 61 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like