निर्जनों में - प्रतिभा सक्सेना

प्रतिभा सक्सेनाप्रतिभा सक्सेना9 Sept 1938

4 min read · 12.4K reads

आज माँझी ले चलो उन निर्जनों में,
किसी पग की चाप से आगे वनों में
ले चलो उस तट बिना पहचानवाले,
जहां कोई आ नहीं पाये, पता ले.

जिस जगह, संध्या-सुबह चुपचाप आयें,
रात्रियाँ आ मौन ही फिर लौट जायें,
जहाँ कोई प्रश्न उठ पाये न आगे,
जिस जगह, बस मौन का ही राग जागे.

चलो अब कुछ काल वहीं व्यतीत कर लें
यहँ से कुछ भी बताये-बिन निकल लें
दूर इतनी यहाँ की किरणे न आयें,
यहाँ की यादें वहाँ तक जा न पायें.

पार सबको कर, चलो ऐसी दिशा में,
इन तटों से दूर हो, कुछ दिन बिताने
ले चलो उस ओर कोई द्वीप होगा,
वहाँ से आकाश बहुत समीप होगा.

चलो मेरे साथ, चाहे लौट आना,
यहँ से बस कर चलो कोई बहाना.
ले चलो उन दूरियों तक जहाँ कोई भी न जाये,
या कि उन गहराइयों में जहाँ कोई डूब जाये!
प्रतिभा सक्सेना
About the poet

प्रतिभा सक्सेना

View profile & all 182 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like