बरसती हुई अमावस की रातों का स्वाद भाता है मुझे । कभी चखा है तुमने ?
नहीं...नहीं.... ये स्वाद तुम्हारे लिए नहीं है । धरती भी तुम रख लो, आसमान भी । मेरे लिए तो क्षितिज ही काफ़ी है। अनंत के छोर पर दिखता एक ख़्वाब-सा क्षितिज ।
देह भी तुम ही धरो प्रिय निर्मल, कोमल, सुंदर देह सजाओ, सँवारो इसे, मेरे लिए तो मेरी रूह ही भली ।
जल्दी करो, समेटो अपनी चीज़ें किसी के बूटों की आवाज़ आ रही है सिपाही होगा शायद या फिर कोई चोर-उचक्का भी हो सकता है । माँगने लगेगा वो भी हिस्सा या फिर छीन ही लेगा वो तो सारी चीज़ें । तुम जल्दी से चले जाओ सब लेकर यहाँ से मुझे कुछ नहीं होगा
मेरी चीज़ों में कोई दिलचस्पी नहीं होगी किसी को, ज़रा भी नहीं । मैं आज़ाद हूँ अब दुनिया के हर ख़ौफ़ से ।








