मैं उसे प्यार करता था - प्रतिभा कटियार

प्रतिभा कटियारप्रतिभा कटियार

4 min read · 12.4K reads

मैं उसे प्यार करता था
इतना कि
दूर चला गया उससे
ताकि महसूस कर सकूँ
जुंबिश उसकी चाहत की
हर पल

मैं उसे ख़ुश देखना चाहता था
इतना कि
मैंने हटा लीं अपने नज़रें
उस पर से
ताकि नज़र न आ सके
एक भी आँसू

मैं पाना चाहता था सानिध्य
दूध और पानी जैसा
और मैंने
छुड़ा लिया दामन कि
ये ख़्वाब,
बचा ही रहे साबुत

मैं बहुत ज़ोर से हँसना चाहता था
इतनी तेज़ कि
मेरे भीतर का विषाद
घबराकर दम तोड़ दे
भीतर ही...

मैं बो देना चाहता था ख़ुशियों के बीज
समूची धरती पर
इसलिए उठा लिए हथियार
कि इनसे लड़ने को ही
आतुर हो उठें मुस्कुराहटें


मैं तुम्हें रोकना चाहता था
इसलिए मैंने जाने दिया तुम्हें
ताकि रोकने की उस चाहत को
रोके रह सकूँ सीने में
हमेशा...
प्रतिभा कटियार
About the poet

प्रतिभा कटियार

View profile & all 27 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like