गौरव-अतीत - प्रतिभा चौहान

प्रतिभा चौहानप्रतिभा चौहान

4 min read · 12.4K reads

इस देश के चेहरे में उदासी
नहीं भाती मुझे
वजूद की विरासत बन्द रहती है
तहख़ानों में कैसे कोई राजा अपना स्वर्ण बन्द रखता है
पेड़ों पर उगने दो पत्ते नए
गीत गुनगुनाने दो हमें
हमारे गीतों की झंकार से
उन की नींद में आएगी शिकन
मेरी वज़ूद की मिट्टी कर्ज़दार है
मेरे देश की
अपनी परछाई की भी
इन चमकती आँखो में
ख़ुद को साबित करने का हौसला
नसों में दौड़ता करण्ट जैसा लहू
नई धूप के आगोश में
बनेंगे नए विचार
जिनकी तहों लिखा हुआ हमारा प्रेम
रेत-सा नही फिसलेगा
हमारी विरासत की प्रार्थनाओं में विराजमान हैं
हमारे वर्तमान के संरक्षक
हमारे डाले गए बीज
प्रस्फुटित होने लगे हैं
धरा ला रही है बसन्त
देखो
फिर से गौरव-अतीत लौट रहा है
प्रतिभा चौहान
About the poet

प्रतिभा चौहान

View profile & all 10 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like