किसी के सामने खामोश बनके कोई क्यों नम हो - प्राण शर्मा

प्राण शर्माप्राण शर्मा13 Sept 1937 – 25 Sept 2018

3 min read · 12.4K reads

किसी के सामने खामोश बनके कोई क्यों नम हो
जमाने में मेरे रामा किसी से कोई क्यों कम हो

कफ़न में लाश है इक शख्स की लेकिन बिना सर के
किसी की ज़िन्दगी का अंत ऐसा भी न निर्मम हो

न कर उम्मीद मधुऋतु की कभी पतझड़ के मौसम में
ये मुमकिन है नहीं प्यारे कि नित रंगीन मौसम हो

हरिक गम सोख लेता है करार इंसान का अक्सर
भले ही अपना वो गम हो भले ही जग का वो गम हो

जताया हम पे हर अहसान जो भी था किया उसने
कभी उस सा जमाने में किसी का भी न हमदम हो

कभी टूटे नहीं ए प्राण सूखे पत्ते की माफिक
दिलों का ऐसा बंधन हो, दिलों का ऐसा संगम हो
प्राण शर्मा
About the poet

प्राण शर्मा

View profile & all 59 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like