दुश्मनी मुमकिन है लेकिन दोस्ती मुमकिन नहीं - प्राण शर्मा

प्राण शर्माप्राण शर्मा13 Sept 1937 – 25 Sept 2018

4 min read · 12.4K reads

 दुशमनी मुमकिन है लेकिन दोस्ती मुमकिन नहीं
 दिलजलों से प्यार वाली बात ही मुमकिन नहीं

 यूँ तो उगती हैं हजारों लकड़ियाँ संदल के साथ
 ख़ुशबुएँ हर एक की हों संदली मुमकिन नहीं

 भूल जाऊं हर निशानी आपकी मुमकिन है पर
 भूल जाऊं मेहरबानी आपकी मुमकिन नहीं

 देखने में एक जैसे ही सही सारे मकान
 हर मकाँ में एक जैसी रोशनी मुमकिन नहीं

 माना ,ले के आया हूँ मैं एक विनती राम जी
 ये मेरी विनती हो तुम से आख़री मुमकिन नहीं

 पेड़ के ऊपर छिटकती है हमेशा चांदनी
 पेड़ के नीचे भी छिटके चांदनी मुमकिन नहीं

 मुस्कराने वाली कोई बात तो हो दोस्तों
 बेवजह ही मुस्कराऊँ हर घड़ी मुमकिन नहीं
प्राण शर्मा
About the poet

प्राण शर्मा

View profile & all 59 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like