उत्तर-कथा - प्रदीप मिश्र

प्रदीप मिश्रप्रदीप मिश्र1 Sept 1970

6 min read · 12.4K reads

माँ का आँचल था
सिर पर आशीर्वाद की तरह

पिता की हथेली थी
दिमाग में जीवन विवेक की तरह

पत्नी का समर्पण था
हृदय में प्रेम की तरह

भाई का बन्धुत्व था
बाजुओं में ताक़त की तरह

बहन का स्नेह था
निगाहों में रौशनी की तरह

दोस्तों का साथ था
दिल में दिलासों की तरह

इतना सबकुछ था उसके पास लेकिन
सिर ढकने के लिए छत नहीं थी
रोज जलनेवाला चूल्हा नहीं था
ऐसे कपड़े नहीं थे
जिनको पहन कर वह सभ्य दिखे

सभ्य समाज का वह असभ्य नागरिक था

अपनी इस ज़िल्लत भरी ज़िन्दगी से ऊबकर
उसने आत्महत्या कर ली

उसकी मौत पर जश्न मनाया गया
घर-परिवार-आस-पड़ोस सारे लोग
शामिल थे इस ख़ुशी में

वह शराब की एक बोतल में सिमट कर बैठा हुआ
सुबक रहा था अपनी मौत पर
हिम्मत जुटा रहा था
मौत के बाद का जीवन जीने के लिए

सीख रहा था आलीशान बँगले में रहने का सलीका
जला रहा था उस चूल्हे को
जो बिना भूख के भी जलता था
कपड़ों के इतने बडे़ अम्बार में
उतरने जा रहा था कि
रोज़ नए पहने तो ख़त्म न हों
नगर के सभ्य समाज की सूचियाँ
संशोधित हो रहीं थीं

सब जगह उसका नाम था
वह कहीं नहीं था
वह तो मर गया था ।
प्रदीप मिश्र
About the poet

प्रदीप मिश्र

View profile & all 30 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like