तुम्‍हारी प्रतीक्षा रहेगी-1 - प्रदीप जिलवाने

प्रदीप जिलवानेप्रदीप जिलवाने1 Sept 1978

3 min read · 12.4K reads


तुम आना
कि हम बची हुई रोशनी के
शोकगीत गायेंगे मिलजुल
कि घटते हुए अँधेरे का
उत्सव मनायेंगे

तुम आना
कि हम भले दिनों की स्मृतियों की
उड़ायेंगे पतंगें
कि हम उम्मीद की दरिया में
तिरायेंगे कागज की नौकाएँ

तुम आना
कि हम कोशिश करेंगे लिखने की
कविता में समय का सच
कि हम बाचेंगे साथ-साथ
इतिहास में/इतिहास से छूटे हुए हिज़्ज़े

तुम आना
कि हम तरतीब से जमाकर देखेंगे
फिर अपने घर को एक बार
तुम आना
कि हम इत्मीनान से बैठकर सुनेंगे
एक-दूसरे का हाल

तुम आना
कि तुम्हारी प्रतीक्षा रहेगी।
00
प्रदीप जिलवाने
About the poet

प्रदीप जिलवाने

View profile & all 55 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like