मूक बधिर स्‍कूल की एक यात्रा - प्रदीप जिलवाने

प्रदीप जिलवानेप्रदीप जिलवाने1 Sept 1978

5 min read · 12.4K reads


अपनी व्याधि को चुनौती मान
जीवन से संघर्षरत
इन ईश्‍वरछलितों की अपनी एक दुनिया है।

हालाँकि है वह हमारी ही दुनिया में
बस हमें खबर नहीं है
या हम देखना ही नहीं चाहते
अपनी दुनिया से बाहर निकलकर
इसलिए हमें खबर नहीं हो पाती

खबर इसलिए भी नहीं हो पाती
क्योंकि इन बच्चों की दुनिया में शोर नहीं है
बस इसलिए हमें खबर नहीं है
इनकी दुनिया पर एतराज नहीं है
शोर होता तो हमें एतराज होता
हमारी मशक्कत बढ़ जाती
इनकी दुनिया को अपनी दुनिया से
बेदखल करने की

लेकिन कभी सोचा है आपने
बगैर शोर के कैसी होगी इनकी दुनिया
कितनी नीरस और अलोनी
हमें खबर नहीं है
हम तो अपनी दुनिया के शोर में डूबे हैं

एक छोटी-सी इच्छा जन्मी है यहाँ आकर
दुनिया भर के तमाम शोर में से
चुपके से निकालकर
इन बच्चों की दुनिया में डाल दूँ
थोड़ा-सा शोर।
00
प्रदीप जिलवाने
About the poet

प्रदीप जिलवाने

View profile & all 55 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like