आधुनिक किस्म की हिंसाएँ - प्रदीप जिलवाने

प्रदीप जिलवानेप्रदीप जिलवाने1 Sept 1978

3 min read · 12.4K reads

दर्पण में खुद को अजनबीयत से घूरना
बाजार में खाली जेब चले आना
पत्नी से फिर प्रेमिका होने की उम्मीद करना

हिंसा है
किसी सड़कछाप लुक्खे को गाँधी करार देना
जहाँ जगह न हो वहाँ हँस देना
अकारण अपने पड़ोसी को पहचान लेना
हिंसा है

किसी शब्द से उसका मौलिक अर्थ छिपाना
किसी पेड़ से पूछना उसकी शेष उम्र
किसी स्त्री से उसके कौमार्य बाबद जानना

हिंसा है
मामूली से मामूली इच्छा का त्याग हिंसा है
अपने समय के पीछे चलना हिंसा है
यहाँ तक कि तटस्थता भी हिंसा है
प्रदीप जिलवाने
About the poet

प्रदीप जिलवाने

View profile & all 55 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like