व्यापक हूं मैं - प्रभात कुमार सिन्हा

प्रभात सरसिजप्रभात सरसिज29 Sept 1949

2 min read · 12.4K reads

मेरे माथे पर हैं
नक्षत्रों के छत्र
 
पांवों से सटकर
घूम रही है धरती
 
मेरी चोटियों को
विजय-ध्वज बनाकर
लहरा रही है हवा
 
दुनिया के सभी
जलागारों-सागरों में
झांक रहा है
मेरा ही गात
 
पलाश की चादर
ओढ़ रही है
सम्पूर्ण वसुंधरा
 
मेरे पदाघात से
थरथरा रहे हैं
समय के सारे दुश्मन ।
प्रभात सरसिज
About the poet

प्रभात सरसिज

View profile & all 38 Poems / Stories