पेशे का माली मुन्ना जिल्दसाज - प्रभात कुमार सिन्हा

प्रभात सरसिजप्रभात सरसिज29 Sept 1949

6 min read · 12.4K reads

मुन्ना जिल्दसाज पौधों को पटाकर
सीधा चला आया है मेरे पास
जिल्द लगी पुस्तकों को कन्धे से उतार
सामने रख देता है
मुन्ना मेरे लिये जिल्दसाज है
इन जिल्दों में मेरी स्मृति की खिड़कियाँ हैं
वह संस्कृत काॅलेज का माली है
जहाँ ढाई वर्ष तक बिहार का
एक पुस्तकालय सुलगता रहा
वहाँ मुन्ना किताबों पर जिल्द लगा रहा है
इस काॅलेज की सेवा में काम करते हुए मुन्ना को
चार साल से माहवार नहीं मिला
माली मुन्ना वहाँ पौधों में पानी देता है निकौनी करता है
फूलों की सेवा में निमग्न रहता है
प्राचार्य के टेबुल पर के गुलदस्ते में
रोज ताजा फूल सजाता है
मुन्ना कभी दरभंगा नहीं गया
दरभंगा वाले भूल गये हैं उसे तनख़्वाह देना
दरभंगा के भीसी का ध्यान गरीबों पर नहीं है
बचे समय में मुन्ना काॅलेज के
ग्रंथागार को भी झाड़ता-पोंछता है
आज फिर आया है मुन्ना मेरी किताबों में जिल्द बांधकर
बताता है कि आज वह रिटायर हो रहा है
कहता है कि अब बकाया तनख़वाह नहीं मिलेगा
मैंने कह दिया कि आज हिम्मत बांधकर काॅलेज जाओ
सीधे ग्रंथागार में घुसना
वहाँ की पुस्तकों पर किरासन छिड़क कर आग लगा देना
इन छोटे नालंदाओं की ज़रूरत नहीं है बिहार में
आज ज़रूर आग लगा दो मुन्ना
इसकी लपट दरभंगा वाले भीसी के माथे से
लटकी हुई शिखा तक ज़रूर पहुंचेगी।
प्रभात सरसिज
About the poet

प्रभात सरसिज

View profile & all 38 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like