लुक्का लगाओ - प्रभात कुमार सिन्हा

प्रभात सरसिजप्रभात सरसिज29 Sept 1949

5 min read · 12.4K reads

हमारे पुरखे एक थे
हमारे दादा तक ऐसे थे जो
बांध कर रखते थे समूचे कुनबा को
हमारी नदी का घाट एक था
सभी स्त्रियाँ एक ही घाट पर पछीटती थीं कपड़े
उगते सूरज का आह्वान करते हुए
एक ही घाट पर देते थे अर्ध्य
देखो! सूर्य का चेहरा भी मलिन पड़ रहा है
काले बादल लपक रहे हैं ढंकने के लिये उसकी लालिमा
एक हम हैं कि नदी को बांट रहे हैं
अलग-अलग घाट पर
एक ही खूंट के लोग खखार रहे हैं
घर के सात चूल्हे के धुआँ से
बच्चों के दम घुट रहे हैं
बुजुर्गों के फेफड़ों में बलगम भर रहे हैं
असंख्य मेड़ बन जाने से
खेतों का रकबा सिकुड़ रहा है
कंधे लगाने के लिये चार जने भी नहीं जुट रहे हैं
हमें बांटने वाले लोग बाहर के नहीं हैं
दुश्मन हमारे ही सीने में छिपे हुए हैं
लुक्का लगाओ दुश्मनों के खोह में
एक बार कवि का कहना मान हथजोड़ कर देखो
कोई नहीं टिक सकेगा हमारी
मजबूत पसलियों के सामने
बस कुनबे को बांध कर ही तो रखना है भाई!
प्रभात सरसिज
About the poet

प्रभात सरसिज

View profile & all 38 Poems / Stories