मापदंड - पंकज सुबीर

पंकज सुबीरपंकज सुबीर11 Sept 1975

5 min read · 12.4K reads

जीवन जब प्रारंभ होता है
तब हम इसे वर्षों में नापते हैं
धीरे धीरे समय गुज़रता है
साथ ही जीवन भी
फिर हमें लगने लगता है
कि वर्ष तो बहुत बड़ी इकाई है
हम इसे महीनों में नापने लगते हैं
जीवन फिर भी गुज़रता रहता है
फिर वो समय आता है जब हमें
महीना भी बड़ा लगने लगता है
हम जीवन को सप्ताहों में नापते हैं
और फिर जीवन
मुट्ठी में बंद रेत की तरह
फिसलने लगता है
हम विवश से उसे दिनों में नापते हैं
फिर घंटों, मिनिटों
और फिर क्षणों में
हम नापने की इकाई
जितनी छोटी करते जाते हैं
यह उतनी तेज़ी से गुज़रता है
हम क्षण के भी हिस्से कर देते हैं
और फिर क्षण के किसी हिस्से में
अचानक यह रुक जाता है
सारी नाप तौल
सारा लेखा जोखा
रखा रह जाता है
हमें ज्ञात होता है कि
किसी इकाई से नापा गया इससे
कोई फर्क नहीं पड़ता
फर्क पड़ता है
केवल क्षण के उस हिस्से से
जिसमें गतियाँ रुकती हैं
मतियाँ रुकती हैं
क्षण का वह हिस्सा
नापा नहीं जा सकता
किसी भी इकाई से।
पंकज सुबीर
About the poet

पंकज सुबीर

View profile & all 46 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like