माँडने - पंकज सुबीर

पंकज सुबीरपंकज सुबीर11 Sept 1975

5 min read · 12.4K reads

रोज ही माँडते हैं
माँडने
माँ के बूढ़े हाथ
देहरी पर घर की
छुपे होते हैं इन माँडनों में
कुछ प्रतीक चिह्न
समझा जाता है जिनको
प्रतीक
सुख, शांति और समृद्धि का
किन्तु कुछ दिनों से
कँपकँपाने लगे हैं
माँडने माँडते हाथ
माँ के
विशेषकर तब
जब बनाने होते हैं
वही शुभ प्रतीक चिह्न
लाल-कत्थई रंगों से
शायद
बनाते समय इन प्रतीक चिह्नों को
उभरने लगते हैं
कुछ और प्रतीक
मन में उनके
उभरने लगती है युवावस्था
मेरी बहन की
जो अब तक अविवाहित है
जबकि
हो जाना चाहिए था उसको विवाहित
अब तक तो
उभरने लगती है युवावस्था
मेरी
जो अब तक बेरोज़गार है
जबकि
हो जाना चाहिए था मुझको बारोज़गार
अब तक तो
वास्तव में
सुख, शांति और समृद्धि
इस घर की
निर्भर है
इन्हीं दोनों बातों पर
न कि
लाल-कत्थई रंग से बनाए जाने वाले
उन प्रतीक चिह्नों पर
इसीलिए इनको बनाते समय
काँप जाती हैं
माँ की उँगलियाँ
आजकल।
पंकज सुबीर
About the poet

पंकज सुबीर

View profile & all 46 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like