जैसे पवन पानी - पंकज सिंह

पंकज सिंहपंकज सिंह14 Sept 1950 – 26 Sept 2015

7 min read · 12.4K reads

हमारी आवाज़ें थीं हमीं से कुछ कहने की कोशिश में
फिर कुछ गूँजता हुआ-सा थमा रहा सिसकी-सा
आख़िरकार वह भी ग़ुम हुआ आहिस्ता-आहिस्ता
बचा रहा एक बेआवाज़ शोर

यह सारा वृत्तान्त बहुत उलझा-उलझा है बहुत लम्बा
सबकी अलग-अलग थकान है
हर दुख का है कोई अविश्वसनीय प्रति-दुख
जो हमारे अनुपस्थित शब्दों की जगह जा बैठता है

दुख जितना मन में है उतना ही जर्जर देह में उतना ही
नहीं, उससे बहुत ज़्यादा बेफ़िकर नुचे-चिंथे समाज में

एक तरफ़ होकर अपने ही खोए शब्दों का आविष्कार
करना होगा जो भले ही बिगड़ी शक़्ल में आएँ ख़ूनआलूदा
मगर हमारे हों जैसे कल के

हम उन्हें पहचान ही लेंगे हर हाल में
हमारी हकलाहट में गुस्से में रतजगों में शामिल
बेबाक खड़े थे जो
दिखते हैं हमें भोर के सपने में कभी-कभी
उनके चेहरों पर आँसुओं के दाग हैं

हम उन्हें पहचान लेंगे
सारे आखेट के बीच नए आरण्यक की सारी कथाओं के बावजूद
सारे खौफ़नाक जादू सारे नशे के बावजूद
वे हमारी आवाज़ें थे

अब भी होंगे हमारी ही तरह मुश्किलों में
कहीं अपने आविष्कार के लिए
और विश्वास करना चाहिए
हम उन्हें पा लेंगे क्योंकि हमें उनकी ज़रूरत है
अपने पुनर्जन्म की ख़ातिर
थोड़े उजाले थोड़े साफ़ आसमान की ख़ातिर
मनुष्यों के आधिकारों की ख़ातिर
वे थे
वे होंगे हमारे जंगलों में बच्चों में घरों में उम्मीदों में
जैसे पवन पानी...
पंकज सिंह
About the poet

पंकज सिंह

View profile & all 8 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like

ये दरवेशों की बस्ती है यहाँ ऐसा नहीं होगाये दरवेशों की बस्ती है यहाँ ऐसा नहीं होगालिबास-ए-ज़िंदगी फट जाएगा मैला नहीं होगा— मुनव्वर रानाचले मक़्तल की जानिब और छाती खोल दी हम नेचले मक़्तल की जानिब और छाती खोल दी हम नेबढ़ाने पर पतंग आए तो चर्ख़ी खोल दी हम ने— मुनव्वर रानाकुछ नहीं चाहने वाली लड़कीसोलह की यह लड़की दो-तीन साल पहले तकपेड़-पौधों पर रखती थी पाँव— ऐश्वर्य राजआंबेडकर“तुम्हारे दीन मुखों को देखकरकरुणा भरे स्वरों को सुनकर— बी. गोपाल रेड्डीमेरा और मेरी पृथ्वी का(लंबी कविता के कुछ अंश)वैसा ही हूँ, दुख मेरी गोद का बच्चा, बार-बार— हीरेन भट्टाचार्यतालाब-1मैं क्षिति तल परतुम्हारे सुख-दुख का— ब्रजरतन जोशी