बच्चों को तैयार करते हुए
अनाज से कंकड़ बीनते हुए
काम से लौटते आदमी की प्रतीक्षा
करते हुए
वे क्या कर रही है?
जबकि देश आगे बढ़ रहा है...
स्कूल
अस्पताल
और दफ़्तर जाते हुए
ज़च्चाख़ाने से वापस आते हुए
खेतों में कटाई करते हुए
सड़कों पर गिट्टी और
बाँधों पर मिट्टी डालते हुए
वे क्या कर रही है?
जबकि देश आगे बढ़ रहा है...
...और वे घर की सफ़ाई कर रही हैं
बर्तन माँज रही हैं
वर्षों से फटे कपड़े सिलती हुईं
तीज-त्योहार मनाने में लगी हैं
जबकि देश आगे बढ़ रहा है...
और वे बच्चों को पढ़ा रही हैं
मरीज़ों को दवा पिला रही हैं
वर्षों से बलात्कार और
जलाए जाने पर एतराज़ के बावजूद
बलात्कार सहते हुए
जलाए जाते हुए
वे घर भर के बिस्तर ठीक कर रही हैं
रोटियाँ सेंक रही हैं सबके लिए निश्चिंत
जबकि देश आगे बढ़ रहा है
लेकिन
यहाँ कोने में
अकेली बैठी हुई
वे क्या कर रही हैं
क्या उन्हें मालूम नहीं है कि
देश आगे बढ़ रहा है








