गुनगुनी धूप है - ओम निश्चल

ओम निश्चलओम निश्चल15 Sept 1958

3 min read · 12.4K reads


गुनगुनी धूप है
गुनगुनी छाँह है.

एक तन एक मन
एक वातावरण,
प्यार की गंध का
जादुई व्याकरण,
मन में जागी मिलन की
अमिट चाह है.

नींद में हम मिलें
स्वप्न में हम मिलें
ज़िंदगी की हरेक
साँस में हम खिलें
हमको जग की नहीं
आज परवाह है.

चिट्ठियाँ जो लिखीं
संधियाँ जो रचीं
तुम मिले जब से
बेचैनियाँ हैं जगी
कल्पना में पगी
प्यार की राह है.

दो घड़ी बैठ कर
दो घड़ी बोल कर
तुम गए साँस में
छंद-सा घोल कर
सिंफनी नींद है
चंपई ख्वाब है.
ओम निश्चल
About the poet

ओम निश्चल

View profile & all 24 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like