ढाई आखर

ओम नागरओम नागर20 Sept 1980

1 min read · 12.4K reads

लाख चौकस रखिए

अपनी खुली आँखें आठों पहर

फूल के खिलने का सही अंदाज़

न तितली को पता होता है

और न भँवरे को सुनाई देती

कोई मुनादी

लाख अच्छी है

आपकी घ्राण-शक्ति

नाक के नथुनों को चाहे भले

कोई अलहदा ख़ुशबू

की पहचान हो मुक्कमल

पर भाव के भूखे रहे हैं सदा ईश्वर

जो दो अगरबत्तियों, बसंदर

में नहीं ढूँढ़ते होंगे

पूजा की कोई नई भिन्न महक

लाख बेहतर सुनते हैं

आपके दो कान

बारीक, मोटी और कर्कश

जो भी बोलते है उसकी दस्तक

दो और कान तक पहुँचती है

ज़रूर

पर कान हैं कि

बाँसुरी की आवाज़ पर

हो जाते हैं सजीव

बाँस की इस विरलता ने उसे

कृष्ण के होंठों की

शोभा बना दिया।

लाख सुनिए कानों से

लाख देखिए आँखों से

लाख ख़ुशबू से भरा है चमन

लाख स्पर्श

पर लाख नहीं बोलती जुबाँ

यहाँ ढाई आखर में

मिल जाता है

सृष्टि के सृजन का सूत्र।

ओम नागर
About the poet

ओम नागर

View profile & all 51 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like