वक़्त उड़ता-सा चला जाता है - नीरज गोस्वामी

नीरज गोस्वामीनीरज गोस्वामी14 Sept 1950

3 min read · 12.4K reads

वक़्त उड़ता सा चला जाता है
जब कोई साथ मुस्कुराता है

साँसें बोझिल सी होने लगती हैं
जब भी वो याद मुझको आता है

ख़ार ज़ालिम है हँसता डाली पर
गुल है मासूम तोड़ा जाता है

चाहे जितना ख़याल आप करें
कैद पँछी तो फड़फड़ाता है

बात दिलकी ज़ुबाँ से बोल ज़रा
देख फिर कौन साथ आता है

देखता तितलियाँ वो ख़्वाबों में
बच्चा नींदों में मुस्कुराता है

कौन पढ़ता किताब रिश्तों की
हर कोई वर्क पलट जाता है

वो है दुश्मन कि दोस्त है मेरा
पहले लड़ता है फिर मनाता है

एक दौलत ही प्यार की नीरज
उसकी बढ़ती है जो लुटाता है
नीरज गोस्वामी
About the poet

नीरज गोस्वामी

View profile & all 53 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like