हजारों में किसी इक आध के ही ग़ैर होते हैं - नीरज गोस्वामी

नीरज गोस्वामीनीरज गोस्वामी14 Sept 1950

5 min read · 12.4K reads

हजारों में किसी इक आध के ही ग़ैर होते हैं
वगरना दुश्मनी करते हैं जो होते वो अपने हैं

कभी मेरे भी दिल में चांदनी बिखरा जरा अपनी
सुना है लोग तुझको चौदहवीं का चाँद कहते हैं

कोई झपका रहा आंखें है शायद याद कर मुझको
अंधेरी रात में जुगनू कहां इतने चमकते हैं

हमें मालूम है घर में नहीं हो तुम मगर फिर भी
यूं ही आंगन में जा जा कर तुम्हें आवाज़ देते हैं

ज़रूरी तो नहीं के फूल हों या फिर लगे हों फल
ये क्या कम है मेरी शाखों पे फिर भी कुछ परिंदे हैं

मनाते हैं बहुत लेकिन नहीं जब मानता है तो
हमीं थक हार कर हर बात दिल की मान लेते हैं

कहीं चलते नहीं दुनिया में फिर भी नाज़ है इनपर
विरासत में ये हमने प्यार के पाए जो सिक्के हैं

दिखाई दे रहा है जो, हमेशा सच नहीं होता
कहीं धोखे में आंखें हैं, कहीं आंखों के धोखे हैं

भले थे तो किसी ने हाल त़क नीरज नहीं पूछा
बुरे बनते ही देखा हर तरफ अपने ही चरचे हैं
नीरज गोस्वामी
About the poet

नीरज गोस्वामी

View profile & all 53 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like