डर रहा हूँ घर मेरा कमज़ोर है - नीरज गोस्वामी

नीरज गोस्वामीनीरज गोस्वामी14 Sept 1950

3 min read · 12.4K reads

झूम कर आई घटा घनघोर है
डर रहा हूँ घर मेरा कमज़ोर है

मेघ छाएँ तो मगन हो नाचता
आज के इन्‍सां से बेहतर मोर है

चल दिया करते हैं बुजदिल उस तरफ
रुख़ हवाओं का जिधर की ओर है

फ़ासलों से क्‍यों डरें हम जब तलक
दरमियाँ यादों की पुख़्ता डोर है

जिंदगी में आप आये इस तरह
ज्यूँ अमावस बाद आती भोर है

इस जहाँ में तुम अकेले ही नहीं
हर किसी के दिल बसा इक चोर है

बात नज़रों से ही होती है मियाँ
जो ज़बाँ से हो वो नीरज शोर है
नीरज गोस्वामी
About the poet

नीरज गोस्वामी

View profile & all 53 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like