यात्राएँ - नीलोत्पल

नीलोत्पलनीलोत्पल23 Sept 1975

6 min read · 12.3K reads

मैं जीवन की यात्रा का अथक मुसाफिर
देखता हूँ लोगों का उठना और गिरना

मैं दीवारों पर ढहाए गए संगीत को सुनता हूँ
जो उन्होंने अपनी विफलता पर रचा
देखता हूँ उन लोगों को
जो जीवन और मृत्यु के बीच करते हैं यात्राएँ
वे खुश हैं वे उदास हैं
उन्हें नहीं मालूम शब्दों के परिणाम
उन्होंने सच और झूठ को चुना
और गति दी अपने कामों को

जनम कितनी कथाओं से भरे हैं
कि हर एक में रंगीन पत्तियाँ
गर्भ से निकलते ही समुद्र भर देने वाली मछलियाँ
तीखे डंक और शहद से भरी विचित्र मधुमक्खियाँ

इन्हीं में लोग अनंत स्वप्नों से भरे हैं
उनके भीतर की सुनामी लौट जाती है
उदास गीतों से टकराकर

वे अपनी जीत में बुनते रहे जीवन
वे संभावनाएँ बनाते हुए निकल पड़े अनजान राहों पर
वे लौटते रहे शहरी सीमांतों से
क्रांकीट को अपनी छायाओं से ढँकते हुए
वे मृत्यु के मुसाफिर रहे
वे रक्त संबंधों और जातिगत पीड़ाओं के सहभागी थे

मैं उनमें होता हूँ
जैसे एक शब्द अपनी सुंदरता में कहीं खो जाता है
जैसे एक आवाज लौटती है अपना स्वर खो कर
और हमारी सारी संपदाएँ रचती हैं
अपनी यात्राओं के भूगोल

सच जो परदा चाहता था
हमने किताबें लिखीं
उन किताबों से निकलकर आए वे
किन्हीं और आकारों में ढल जाने के लिए
नीलोत्पल
About the poet

नीलोत्पल

View profile & all 38 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like