नमक - नील कमल

नील कमलनील कमल15 Sept 1968

6 min read · 12.4K reads

आँख के पानी में एक क़तरा
पसीने की बूँद में
लहू की धार में
होठों की नमी में
एक-एक क़तरा समुद्र के अथाह जल में
घेरे पृथ्वी का तीन-चौथाई आयतन

रहता है क़तरा-क़तरा
क़र्ज बन कर धमनियों में
चमकता है सौंदर्य की धवलता में
लावण्य बन कर

वैसे तो महज नमक है
फीकी है लेकिन थाली पकवानों भरी
इसके बिना

इस चुटकी में जो नमक है
उसका एक रिश्ता तो हमारे
ज़ख़्मों से भी है, बहुत पुराना
कितना नमक है ज़रा सोचो
समुद्र के पानी में

क्या पता यह धरती के
गीले होठों का नमक है
कि धरती के बेटों की कठोर त्वचा से
रिसते पसीने का नमक

आसमान की आँखों से टपके
आँसुओं का नमक है समुद्र के आँचल में
कि तेज़ बुख़ार के बाद, समुद्र की
टूटती देह से निःसृत लवण

नमक का मतलब जानते हैं जो
लेते नहीं किसी से भी उधार में नमक

नमक को, बाज़ार की सबसे
सस्ती चीज़ समझने वालो,
यह सफ़ेद-सी चमकदार चीज़
किसी रोज़ समुद्र-तट से, जब
मुट्ठियों में उठाता है,
कच्चे सूत में लिपटा एक आदमी
हिल जाती हैं व्यवस्था की चूलें
नमक नहीं रहता सिर्फ़ नमक ।
नील कमल
About the poet

नील कमल

View profile & all 36 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like

उसने मिट्टी को छुआ भर था - प्रताप सोमवंशीपसोपेश में हूँकि कविता चिह्नों में होती है— प्रताप सोमवंशीदर्द औरों का हम - प्रताप सोमवंशीपसोपेश में हूँकि कविता चिह्नों में होती है— प्रताप सोमवंशीमुनव्वर राना के शेरअब जुदाई के सफ़र को मिरे आसान करोतुम मुझे ख़्वाब में आ कर न परेशान करो— मुनव्वर रानामहफ़िल में आज मर्सिया-ख़्वानी ही क्यूँ न होमहफ़िल में आज मर्सिया-ख़्वानी ही क्यूँ न होआँखों से बहने दीजिए पानी ही क्यूँ न हो— मुनव्वर रानाक्या रिश्ता रहा भला...क्या रिश्ता रहा भला ज़िंदगी सेठुकरा दिया है जब उसने मुझे!— हब्बा ख़ातूनऔरतऔरत नहीं होती सिर्फ़ बिस्तरन ममता— हरमीत विद्यार्थी