मैं क्या कहूँ कि हाल है क्या हिज्र-ए-यार में
दिल इख़्तियार में न जिगर इख़्तियार में
दुश्मन को देखते हैं कनखियों से बज़्म में
कुछ शोख़ियाँ भी हैं निगह-ए-शर्मसार में
रिज़वाँ को भी तो है तिरी महफ़िल की आरज़ू
मेरा है क्या हिसाब मैं हूँ किस शुमार में
जाने न दूँगा फिर दिल-ए-नादाँ को हाथ से
आ जाए अब की गर वो मिरे इख़्तियार में
उन का मसल मसल के मिरे दिल को पूछना
क्यों दर्द हो रहा है दिल-ए-बे-क़रार में
सुर्मा लगा रहे हैं वो मेरे ग़ुबार का
मिट कर समा गया हूँ ग़रज़ चश्म-ए-यार में
वाइज़ की बहकी बातों में आऊँ ख़ुदा की शान
मैं और मय से तौबा करूँ और बहार में
'नश्तर' वो दिन कहाँ हैं वो रातें किधर गईं
क़ाबू में था वो शोख़ तो दिल इख़्तियार में








