युध्द- एक मन: स्थिति - नंद चतुर्वेदी

नंद चतुर्वेदीनंद चतुर्वेदी

4 min read · 12.4K reads

फिर एक घृणा का अन्धा सर्प
उन्मत्त हो गया है
अब हमें फिर चन्दन की घाटियों में
बारूद बिछानी पड रही है
हम इस सन्ताप को कभी नहीं भूलेंगे

लोगों को आकाश की तरफ
देखने में बहुत दिन लगेंगे
वे बहुत दिन तक न तो पुल बनाएंगे
और न पार करेंगे
खाइयां हो जाएगी
बहुत दिनों बाद लगेगा
कि कोई मौसम बदल गया है
झील फिर से नीली हो गई है
हरसिंगार फिर से झर रहा है

शहर मौसमी उदासी में नहीं
मौत के तहखाने में उतर गए हैं
रेस्तरां में वे धुनें नहीं बजतीं
न वे कहकहे लगते हैं

दिनभर लोग कयास करते हैं
मृत्यु और ध्वंस के आंकडे उन्हें याद हैं
युध्द में कोई नहीं हारता
किन्तु बाद में, बहुत बाद में
आदमी एक केंचुए की तरह लगने लगता है

टूटे हुए पुलों पर शहर
खडे-खडे प्रतीक्षा करते हैं
एक अंधे, आस्थाहीन भविष्य की।
नंद चतुर्वेदी
About the poet

नंद चतुर्वेदी

View profile & all 6 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like