गंगास्नान के लिए - नंद चतुर्वेदी

नंद चतुर्वेदीनंद चतुर्वेदी

4 min read · 12.4K reads

गोपीनाथ अपने गांव से गठरी लेकर चला था
अब शहर में सडक पार करना है
रास्ते दिखते हैं कई
कौन-सा रास्ता जाता है
हरिद्वार या गया या प्रयाग
शहर में असमंजस में है गोपीनाथ
सिर पर रखी गठरी तो और भी गजब है
ठिठक कर लोग खडे हैं
गठरी देखने के लिए
विदेशी, गठरी में लगी गांठों पर हतप्रभ हैं
गांठ में गांठ में गांठ
कोई बम तो नहीं है
कहां के हो, कहां जाना है
थाना दूर नहीं है
किस-किस का लालच
किस-किस का भय
बंध गया है गठरी के साथ
कपडे बांध कर लाया था गोपीनाथ
गंगा स्नान के लिए
यह यात्रा निर्मल जल के तलाश में थी
कहां गंगा और कहां यमुना
अभी तो सडक के उस पार जाना है
गोपीनाथ को
गठरी वह अकारण ही ले आया था
संदेह और तमाशा बनने के लिए।
नंद चतुर्वेदी
About the poet

नंद चतुर्वेदी

View profile & all 6 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like