जीवन-चर्या - नंद भारद्वाज

नंद भारद्वाजनंद भारद्वाज1 Sept 1948

7 min read · 12.4K reads

अभी नया नया ही आया हूँ
इस गली मोहल्ले में
कम ही लोगों से हो पाई है
                 दुआ-सलाम,
अक्सर बन्द ही तो रहते हैं
घरों के दरवाज़े,
उदास चेहरों पर
एक अनाम-सी चुप्पी -

हिदायत के बावजूद
बच्चे निकल जाते हैं दूर
        गली के छोर तक,
उन्हें नहीं लगता कुछ भी नया
               और अटपटा
अनजानेपन का भय
उन्हें नहीं रोक पाता
         घर की चौहद्दी में !

पत्नी अक्सर पूछती है :
    कैसा है आस-पड़ौस
     शहर की आबो-हवा -
                  हालात...?
जब हम लौट रहे होते हैं
हाट-बाज़ार से ।

मेरे अबोलेपन से उकता कर
वह फिर बतियाने लगती है
               अपने आप से -
कितना मंहगा होता जा रहा है
जीने का सामान,
शायद इस बार भी
नहीं जा पाएंगे हम बच्चों के साथ
किसी नई उमंग की ओर !

कह रहा था कोई -
कल फिर रहेगा शहर में बन्द
शायद नहीं चलेंगी बसें
किसी भी मार्ग पर ...
मैं नहीं भेजूंगी बच्चों को स्कूल
             ऐसे माहौल में !

वह चलते ही में कर लिया करती है
ऐसे ही दैनिक फ़ैसले -
ऐसे ही बना लिया करती है
चिन्ता और दुविधा में अपना सन्तुलन
और तय कर लेती है
        आगे का सिलसिला !

सिर्फ़ मैं ही नहीं जान पाता
इस जीवन-चर्या का सार,
बच्चे खुश हैं
अपनी बदलती दुनिया में,
और वह बनी रहती है
उन्हीं की इच्छाओं के पास,
वहीं से वह देख लिया करती है
         हर असार में सार की संभावना !
नंद भारद्वाज
About the poet

नंद भारद्वाज

View profile & all 41 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like

मुनव्वर राना के शेरअब जुदाई के सफ़र को मिरे आसान करोतुम मुझे ख़्वाब में आ कर न परेशान करो— मुनव्वर रानाकुछ खिलौने कभी आँगन में दिखाई देतेकुछ खिलौने कभी आँगन में दिखाई देतेकाश हम भी किसी बच्चे को मिठाई देते— मुनव्वर रानाCouplets by Pratap Somvanshiअपने भीतर है जो इंसान बचाकर रखनाअपनी मिट्टी की ये पहचान बचाकर रखना— प्रताप सोमवंशीमेरे गाँव के कुत्तेएकदुआर पर बैठे नंगे बच्चे से— ऐश्वर्य राजआओ मिलकर बद्दुआ करेंदुनिया का कोई क़ानून बद्दुआओं के लिए किसी को रोक नहीं सकता।इसलिए आओ सब मिल कर बद्दुआ करें कि— फ़रीद ख़ाँनज़्र-ए-योगेश प्रवीन नज़्र-ए-लखनऊलखनऊ मेरे वतन! ये तुझको आख़िर क्या हुआतेरा चेहरा दिख रहा है दर्द में डूबा हुआ— हिमांशु बाजपेयी