किसी दिन दाग़-ए-गुमराही रहेगा उन के सर हो कर
जो अपनी राह चलते हैं हमारे राहबर हो कर
बिज़ाअ'त क्या रहेगी मसरफ़-ए-नक़्द-ओ-नज़र हो कर
ग़नीमत है जो कोई ऐब रह जाए हुनर हो कर
नई क़ैदें बढ़ीं मिन्नत-गुज़ार-ए-बाल-ओ-पर हो कर
दवा-ए-दर्द-ए-दिल आई अज़ाब-ए-दर्द-ए-सर हो कर
सुकूँ हासिल है मुझ को बंदगी में भी मोहब्बत की
तुम्हें राहत नहीं मिलती ख़ुदा-ए-सीम-ओ-ज़र हो कर
हज़ारों क़हक़हों में गुम न हो जाए सदा मेरी
अकेला क्या करूँ इंसानियत पर नौहागर हो कर
वो क्या जानें कि तेवर और हैं अब जज़्बा-ए-दिल के
ये समझे हैं कि रह जाएगा कुछ दिन शोर शर हो कर
दिया करता है इंसाँ अपने दिल को भी फ़रेब ऐसा
ख़बर सब कुछ है और बैठे हुए हो बे-ख़बर हो कर
न पूछो दहर में कुचली गई है ज़िंदगी कितनी
कहीं बे-दस्त-ओ-पा हो कर कहीं बे-बाल-ओ-पर हो कर
कभी अज़्म-ए-अमल की ताक़तों में ख़म नहीं आया
दिखाई आँख दुनिया ने बहुत ज़ेर-ओ-ज़बर हो कर
ख़ुदा मालूम दिल से क्या जवाब-ए-तल्ख़ मिलता है
मोहब्बत का पयाम आया है महरूम-ए-असर हो कर
नज़र आए हमेशा ऐब औरों के हुनर अपने
निगाहों ने दग़ा दी आरिफ़-ए-ऐब-ओ-हुनर हो कर
दिल-ए-पुर-दर्द को बे-दर्द दुनिया क्या समझती है
सहेगा वार तन्हा अम्न-ए-आलम की सिपर हो कर
ज़माना हो चुका बातिल की अफ़्साना-तराज़ा का
हक़ीक़त रंग लाई है नवा-ए-कारगर हो कर
अजल होगी वो कैसी जीने वाले सोचते होंगे
अजल को ढूँढता हूँ ज़िंदगी से बहरा-वर हो कर
न अज़्म-ए-आहनी था जिन की क़िस्मत में न मंज़िल थी
पड़े हैं रहगुज़र पर कुश्तगान-ए-सीम-ओ-ज़र हो कर
हरीफ़ों को मुबारक हो बराए-नाम आज़ादी
ये आई है उन्हीं के घर हयात-ए-मुख़्तसर हो कर
हुनर-मंदों का आपस में हसद ऐ 'नज्म' क्या मा'नी
हुनर से दुश्मनी रखते हैं ये अहल-ए-हुनर हो कर








