उस निगाह-ए-मस्त से जब वज्द में आती हूँ मैं
कैफ़-ओ-रंग-ओ-नूर की दुनिया पे छा जाती हूँ मैं
क्या कहूँ क्या है मोहब्बत का फ़रेब-ए-ख़ुद-निगर
देखती हूँ जिस तरफ़ ख़ुद ही नज़र आती हूँ मैं
चाहती तो हूँ कि मौजों से रहूँ दामन-कशाँ
कश्ती-ए-ग़म हूँ भँवर में फिर भी आ जाती हूँ मैं
सुब्ह तक ठहरा नज़र आता है दौर-ए-आसमाँ
जब तसव्वुर में तिरे रातों को खो जाती हूँ मैं
जाम गिर पड़ता है साक़ी थरथरा जाते हैं हाथ
तेरी आँखें देख कर नश्शे में आ जाती हूँ मैं
उन की आँखें देर तक रहती हैं रश्क-ए-कहकशाँ
जब कभी रातों को 'नजमा' याद आ जाती हूँ मैं








