दुख के लम्हों में मिरा एक सहारा माँ है
मैं अगर डूबती कश्ती हूँ किनारा माँ है
उस के क़दमों में जो जन्नत है तो मतलब ये है
आसमानों से जिसे रब ने उतारा माँ है
ख़ुशबू ऐसी कि मिरी रूह तलक महकी है
रौशनी ऐसी कि बस नूर का धारा माँ है
तपते सहराओं में किस तरह भटक सकती हूँ
मुझ को जो राह दिखाए वो सितारा माँ है
उस के हर दुख को मैं लफ़्ज़ों में समोती कैसे
मैं ने अश्कों से बस इक लफ़्ज़ उभारा माँ है
सब ने पूछा कि भँवर से तू बचेगी कैसे
मैं ने बे-साख़्ता 'नजमा' ये पुकारा माँ है








