है बाल-ओ-पर में वहशत सी बे-सम्त उड़ानें भरती हूँ

नैना आदिलनैना आदिल

1 min read · 12.4K reads

है बाल-ओ-पर में वहशत सी बे-सम्त उड़ानें भरती हूँ

अपने अंदर के जंगल में गुम हो जाने से डरती हूँ

फिर आस का दरिया बहता है फिर सब्ज़ा उग उग आता है

फिर धूप किनारे बैठी मैं इक ख़्वाब की छागल भरती हूँ

क्यों आग दहकती है मुझ में क्यों बारिश होती है मुझ में

जब ध्यान से मिलती हूँ तेरे जब तेरे मन में उतरती हूँ

कब मुझ को रिहाई मिलती थी नाहक़ जो क़फ़स भी तोड़ दिया

बज उठती हैं ज़ंजीरें सी मैं पाँव जहाँ भी धरती हूँ

इक फूल की पती का बिस्तर इक ओस के मोती का तकिया

तितली के परों को ओढ़ के मैं ख़्वाबों में आन ठहरती हूँ

दिल ग़म से रिहाई चाहता है और वो भी जीते जी साहब

फिर तुझ में पनह ले लेती हूँ फिर ख़ुद से किनारा करती हूँ

हैं नाग का फन काली रातें लम्हा लम्हा डसती जावें

सौ बार तड़पती हूँ साहब सौ बार मैं जीती मरती हूँ

नैना आदिल
About the poet

नैना आदिल

जन्म : कराची, सिंध LCCN : n2019241283

View profile & all 26 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like