न कोई उन के सिवा और जान-ए-जाँ देखा

मिर्ज़ा रज़ा बर्क़मिर्ज़ा रज़ा बर्क़

1 min read · 12.4K reads

न कोई उन के सिवा और जान-ए-जाँ देखा

वही वही नज़र आएगा जहाँ जहाँ देखा

बहिश्त में भी उसी हूर को रवाँ देखा

यहाँ जो देख चुके थे वही वहाँ देखा

ख़िज़ान-ए-उम्र कुजा ओ कुजा बहार-ए-शबाब

फ़लक को रश्क हुआ कोई जब जवाँ देखा

गए जहान से जो लोग दो जहाँ से गए

किसी ने फिर न कभी अपना कारवाँ देखा

जलाया बज़्म में हर रोज़ शम्अ के मानिंद

हज़ारों बातें सुनाईं जो बे-ज़बाँ देखा

क़यामत आई ये तड़पा फ़िराक़ में ऐ 'बर्क़'

न फिर ज़मीन को पाया न आसमाँ देखा

मिर्ज़ा रज़ा बर्क़
About the poet

मिर्ज़ा रज़ा बर्क़

View profile & all 22 Poems / Stories