छत से उतरी मैं
तो फिर दीवार पे आई
और अचानक छम से कूद पड़ी आँगन में
पत्तों की पेशानी चूमी
फूलों से सरगोशी की
आँचल से कुछ खेल किए
फिर बैठ गई आँगन में बैठी
दादी माँ की गोद में जा कर
पास घड़े रखे थे कुछ
गोरी मिट्टी के
उन पर जा कर बैठ गई क्यूँकि प्यासी थी
लेकिन ये क्या घड़े हटाओ धूप आ गई
गूँज उठी आवाज़ आँगन में
और किसी ने घड़े हटाए
मैं प्यासी ही वापस आई
सोच रही थी
मैं निकली थी प्यार बाँटने
फिर भी क्यों मैं प्यासी हूँ
प्यार बाँटने वाले क्या
यूँही प्यासे रह जाते हैं








