माफ़ीनामा - मदन कश्यप

मदन कश्यपमदन कश्यप29 Sept 1954

9 min read · 12.4K reads

मेरी धमनियों में उन राजन्यों का रक्त है
जो कभी छत्री रहे तो कभी बाम्हन
जिन्होंने बनाया था दुनिया का पहला गणतंत्र
मगर तुम्हें नहीं दिया था चुनने का अधिकार

उसके सातों कुल उनके ही थे
सातों नदियों पर उनका ही अधिकार था
उनके ही कब्ज़े में थीं सातों लोको की कथाएँ

इतिहास में कहीं दर्ज नहीं है
कि तुम कहाँ थे और कैसे थे
बींसवी सदी में तुमने जिसे बहुत-बहुत याद किया
उस गौतम बुद्ध ने भी तुम्हें कितना अपनाया था
कुछ ठीक-ठीक पता नहीं

तुम्हारे पुरखे क्या करते थे
कैसे जीते थे
तन को छुए बिना
मन को कैसे छूते थे
क्या घृणा करनेवालों से वे भी घृणा करते थे
क्या वे अपने घरों में भी बहुत कम बोलते थे

मैं एक भरोसा महरा को जानता हूँ
जो हमारे खेतों में हल चलाते थे
जग-परोजन में शहनाई भी बजाते थे
बातें कम करते थे
कम खा कर कम पहन कर ज़िन्दा रहते थे

दूर से उस ईश्वर को प्रणाम करते थे
जिसके मन्दिर में जाने की इजाज़त उन्हें नहीं थी
धर्म की उन कथाओं को सिर झुका सुनते थे
जिनमें उनके पुरखों को नीच-पातकी बताया जाता था

उन्हें लांछनों से ज्यादा पेट की चिंता थी

एक दिन चले गए दुनिया से चुपचाप
घी में तली पूरियाँ और आलू-गोभी की रसदार तरकारी
खाने की अपनी पुरानी इच्छा को अनाथ छोड़ कर
उनके बेटे तो पहले ही जा चुके थे झरिया-अंडाल

ठीक है कि उनकी झोपड़ी नहीं जलाई गई
उन्हें कभी लाठियों से पीटा नहीं गया
गाँव से खदेरा नहीं गया
मगर ज़ुल्म उन्होंने भी कम नहीं सहे
ऐसे ज़ुल्म जिन्हें परिभाषित करना भी उनके बस में नहीं था
प्रतिकार की तो बात ही दूर रहे
मैं शर्मिंदा हूँ अपने पितरों के किए पर
उन्होंने मुझे सिखाया
भरोसा को छूने से अपवित्र हो जाएगी बाभन देह
और मैं दूर रह कर ही सुनता रहा शहनाई ।

मदन कश्यप
About the poet

मदन कश्यप

View profile & all 33 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like