उसका मन

लवली गोस्वामीलवली गोस्वामी

1 min read · 12.4K reads

उसकी मुस्कुराहट परतदार समुद्री लहरों जैसी थी

होंठों के कोर से ख़ुद को छुआ कर लौटती

आवाजाही का वह खेल खेलती

जो बिल्लियाँ अपने मालिकों से खेलती हैं

जब वह भरपूर पुलक से मुस्कुराता था

उसकी नाक के दोनों तरफ़ गालों की पेशियाँ ऐसे उमगती थीं

जैसे उड़ने से ठीक पहले पक्षी डैने फुलकाते हैं

हरे बाँस की बाँसुरी से नवयौवना दुर्गा

आश्विन की हवा के सुर फूँकती-सी लगती थी

जब सफ़ेद फूली कांसी के कुंज उसकी हँसी में लहलहाते थे

मैं ज़रा-सी फूँक मारकर अगर उड़ा देती

उसके चेहरे से अवसाद की स्याह राख

तो नारंगी लपटों का सधा हुआ नृत्य थी उसकी हँसी

उसका मन हरा था, मन के घाव भी हरे थे

एक हरापन उसकी देह में भी था, वह सिहरता था

देह में सरसों की पीली बाड़ी फूटती थी

उसका मेरे साथ होना दरवाज़े के दो पल्लों का साथ होना था

एक दूसरे की उँगलियों में फँसी उँगलियाँ हल्के-से छोड़कर

हम अपने बीच से लोगों को आवाजाही करने देते थे

उसका मेरे साथ होना द्वार के दोनों ओर लगे

सज़ावटी अशोक के हमउम्र पेड़ों का साथ होना था

जिन पर झाँझ, बरसात, वसंत सब एक जैसे असर करते थे

उसका मेरा साथ होना मोम और उसकी बाती का साथ होना था

वह तिल-तिल जलाता था

रौशनी फैलाने के नियम से बँधी मेरी काँपती-सी साँसों की लौ

उसके साथ ही लगातार मिटती जाती थी

उसने ऐसे समेटा था अपने मन में मेरा प्रेम

जैसे वृंत से गिर जाने से पहले अंतिम दफ़ा फूल

अपनी पंखुड़ियाँ समेटता है।

लवली गोस्वामी
About the poet

लवली गोस्वामी

नई पीढ़ी की कवयित्री। ‘प्राचीन भारत में मातृसत्ता और यौनिकता’ शीर्षक पुस्तक उल्लेखनीय। जन्म : धनबाद, झारखंड लवली गोस्वामी का जन्म 5 जनवरी 1987 को हुआ। वह मूलतः दर्शन और मिथक शास्त्र की स्वतंत्र टिप्पणीकार एवं कवयित्री हैं। कुछ वर्ष पूर्व प्रकाशित उनकी पुस्तक '…

View profile & all 24 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like