अवसाद

लवली गोस्वामीलवली गोस्वामी

1 min read · 12.4K reads

व्यस्तताओं के अंतिम चिह्न निगलता

चला आता है विहँसती रात का मायावी एकाकीपन

थकी हुई आस का अजगर उत्साह के हिरण की

सब हड्डियाँ निगलकर निराशा के श्मशानों में बिखेर देता है

लाल ख़ून को लीलती धमनियों में

कलकल बहती है अवसाद की स्याह नदी

नीली होती देह पर स्मृतियों का विष चढ़ता है

पुतलियाँ अंधकार पीने के लिए फ़ैल जाती हैं

दुःखों के चीन्हे-अनचीन्हे प्रेत रात्रि के तीसरे प्रहर

सबसे ताक़तवर होकर ग्रस लेते हैं

मन की अंतिम परत तक का सुख

तीर-सी बींधती नुकीली चंद्रमा की किरणें

खिड़की-से देह के रेशों की जड़ों में प्रवेश करती हैं

देह के रोम अपसगुनी ठूँठों के

चित्रलिखित जंगल की तरह जाग जाते हैं

लपलपाती तनाव की लहरें

आशा के सब पोत डुबो कर कुलाँचे भरती हैं

शैतान की नाभि जैसे गहरे पीड़ा के भँवर

आँखों की पुतलियों में निःशंक घूमते

सब सुंदर दृश्य खा जाते हैं

टूटे नलके से मन के तल पर

बूँद-बूँद टपकती है नीरवता

बूँद का तल को स्पर्श हथौड़े-सा लगता है

देह अवसादी चट्टान-सी भरभरा कर ढह जाती है

धमनियाँ झुलसाती तेज़ाब का असर लिए

आँखों से देह के भीतर छाती तक बहती है

आत्मा में फफोले उगाती अंतःसलिला लावे की नदी

किसी ने जैसे धरती के आदिम प्रेमी के सीने पर

ख़ंजर घोंप दिया हो, बरसात में यों चुपचाप झरता है

अँधेरी सड़क पर आकाश का धवल रक्त

वीतरागी मन से विद्रोह करते

'उलगुलान' चिल्लाते आते हैं आदिवासी मोह

अनुभवों के राजकीय दुर्ग से टकराकर लहूलुहान हो जाते हैं।

लवली गोस्वामी
About the poet

लवली गोस्वामी

नई पीढ़ी की कवयित्री। ‘प्राचीन भारत में मातृसत्ता और यौनिकता’ शीर्षक पुस्तक उल्लेखनीय। जन्म : धनबाद, झारखंड लवली गोस्वामी का जन्म 5 जनवरी 1987 को हुआ। वह मूलतः दर्शन और मिथक शास्त्र की स्वतंत्र टिप्पणीकार एवं कवयित्री हैं। कुछ वर्ष पूर्व प्रकाशित उनकी पुस्तक '…

View profile & all 24 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like