ऐ अज्ञात,
तुम्हें कैसे
समझूँ?
पूरा समझूँ
तो छूट जाती हैं
तुम्हारी शिराओं की तड़पन
तुम्हारी धड़कनें
तुम्हारी उँगलियों को अलग अलग परखूँ
तो समझ नहीं आती तुम्हारी दृष्टि
तुम्हें समझते हुए मैं धरती को चूमता,
हवा में उड़ता, आग पीता,
जल में बहता बनाता हूँ नाख़ून दर नाख़ून तुम्हें
तुम्हारी पलकों को
होंठों से छूकर समझता हूँ
जल और अग्नि के रहस्य
तर्क और युक्ति में
बह जाते हैं
तर्क और युक्ति
भूतवादी मैं तुममें
प्रवेश करता हूँ
अपनी लंबी दाढ़ी समेत
पीढ़ियों तक
बच्चे पढ़ते हैं
मेरी यंत्रणा
इस वक़्त मैं कहाँ हूँ?
तुम्हारे किस अंग में है मेरा कौन-सा अंग?
किस कण में मेरा कौन-सा कण?








