इहँवे - कुमार वीरेन्द्र

कुमार वीरेन्द्रकुमार वीरेन्द्र15 Sept 1976

11 min read · 12.4K reads

बाबा जिस
पेड़वा को गले लगाते, ठहाके लगा
बोलते-बतियाते; आँखें ओदा करते कान लगाए सुनते; कबहुँ हाथ जोड़ माफ़ी भी माँगते
उसी की छाया में, एक बेरी जानना चाहा तो बताया, का कहें रे मरदे, ई पेड़वा थोड़े, एह
में बसे परान; ई बूझ लो, जब ले ई पेड़वा तब ले हमर जिनिगी; और एक
सुबह बाबा जब सोए रह गए, सब रोने लगे, मैं भी रोने लगा
तबहुँ काहे तो मन मान नाहीं रहा था — साँचो दूर
हो गए बाबा; इधर मजिल गई उधर
पेड़वा से, भहरात जा
लगा गले

तब जैसे बाबा ने
कान में गँवे कहा हो, अरे चुपा लगा, मरदे
साँचो थोड़े दूर हुआ हूँ, जीयत इहँवे त जीयत रे मरदे; फिर रोज़ जाता, देर तक बैठा रहता
जड़तर; इयाद आता कान्ह प बैठना, अँगुरी धरे खेत-बधार घूमना, सन्न से लगता; झँझोड़ते
मन इहे सोचता — नाहीं, बाबा साँचो कतहुँ नाहीं गए; तभी तो जितना भी पइसा
खरिहान में मिली अँजुरी के बेचने से मिलता, माई-आजी किसी
को नहीं देता, पेड़वा के जड़तर लकड़ी से कोन गाड़
देता; काग-दुरुस में जो कंचे जीतता ऊ
भी उहँवे तोप देता; जताते
देखो बाबा

तुमहिं को मालूम
तोहार गोड़वा-तरे का-का लुकाया है, सुत
मत जाना रखवारी करना, ठीक है न...; और भरोसा कबहुँ नाहीं टूटा; एक दिन गुरदेल बनाया
तय किया, जो बन्दरवा हैं, मार के नाक-मुँह राँग दूँगा; बगीचे में, जहँवा रहना, रहें, ई पेड़वा पर
न रहें, डाड़ क्या पतइयाँ भी टूटेंगी, बाबा को कितना दरद होगा; एक बेर पेड़वा के
खोंड़र में कुछ सुग्गों को जाते-आते देखा, ताकता रह गया — अरे, कबसे
कवनो बात नाहीं, चेता दिया, भाई लोगन, रहो बाक़ी सुन
लो, बाबा के दिल में तुम सब नाहीं, मैं रहता
हूँ मैं; और बोलते, ऐसे बोलने
लगे सुग्गे, जैसे कह
रहे हों

ठीक है, भाई
ठीके है; लेकिन एक साल आँधी में
गिर गया पेड़वा; भोरे देखा, पाथर हो गया, सोच नहीं पा रहा था — बस, पकड़े बार-बार पूछ
रहा था, बोलो, बोलो न, अब किसे बाबा कहूँगा...; जब कोई जवाब नहीं, जड़तर से अपने
पइसे, कंचे निकाल, बगली में रख लिए; बैठ भोकार पारने लगा, कब तलक
भीगता रहा, पता नहीं; अब बाबा साँचो नहीं थे, लकड़हारे ले जा
चुके थे; तब भी रोज़, बगीचे में जाता, ख़ाली जगहिया
देखता रहता; जड़ खोदने से जो गड़हा बैठा
रहता उसमें, घर जाने का मन
ही नहीं करता कि
बाबा

घर में थोड़े, इहँवे
इहँवे तो रहते थे !
कुमार वीरेन्द्र
About the poet

कुमार वीरेन्द्र

View profile & all 71 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like