बड़ी उम्मीद - कुमार सुरेश

कुमार सुरेशकुमार सुरेश9 Sept 1962

5 min read · 12.4K reads

कितनी हे बातें
जो मेरे नियंत्रण में नहीं हैं
हो जाती हैं नियंत्रित ढंग से
जैसे सूरज बिना आवाज़ अँधेरे को चीर कर
निकल आता है समय पर

तय समय पर बरसती है ओस
नहाकर खाना बनाने की तैयारी करती हैं पत्तियाँ
जाग जाते हैं पक्षी
गिलहरिया काम से लग जाती हैं
चहचहाना और चिंहुकना
सबको बता देता है
दुनिया अभी रहने लायक है

दूध वाला समय पर आ जाता है
चाय मिल जाती है अपने वक़्त
बदस्तूर आ जाता है अख़बार

ट्रेफ़िक और दफ़्तर की मशक्कतों के बीच
कुछ ऐसा हो ही जाता है
नई करवट लेती है उम्मीद

घर वापस लौटना
प्रिय स्त्री के पास
जो मेरा इंतज़ार करती है
हमेशा से बड़ा सुकून है

छलछलाता है बिटिया का संतोष
पडोसी की एक साल की नातिन लगाती है
ता-ता . डा डा की ज़ोर की पुकार
तन्द्रा से जग उठता है घर

अंधेरी घाटी में उतरते वक़्त अकेले
रहता है विश्वास
फिर से सूरज उगेगा
फिर होगा एक खुशनुमा दिन
और वह बड़ी ख़बर-ख़ुशी
लौटेगी बार-बार
छोटी-छोटी बातो में
 
कुमार सुरेश
About the poet

कुमार सुरेश

View profile & all 69 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like