डर - कुमार सौरभ

कुमार सौरभकुमार सौरभ1 Sept 1991

5 min read · 12.4K reads

निरमलिया जाग गे
देख, तेरा दूल्हा आया है
देख तो, क्या-क्या सनेस लाया है!

काकी बोली-
हमहूँ तो सोच रही थी
भोरे-भोरे कौआ क्यों कुचर रहा था
भनसाघर[1] के चार[2] पर

भानस[3] बनाने
जतन से जुट जाएगी बड़की भौजी
छोटकी तो खाली गप्पे हाँकेगी
दूल्हा भी चुटकी लेने में कम माहिर नहीं
ही...ही... कर निपोड़ेगा
पान के दाग़वाली बत्तीसी

दूरे से छुपकर सुनेगी निरमलिया
कुछ समझेगी
कुछ कपार के उपरे से बह जाएगा

निरमलिया के लिए
कौतूहल का विषय है दूल्हे की मूँछ
घी लगाकर चमकाता होगा!
सखियाँ कहती हैं बड़भाग तेरे
सोलहवाँ बसंत भी न देखा
ब्याही गई!

निरमलिया के दिमाग़ में
बहुत कुछ चलता रहेगा
सखियों की बातें याद कर रोमांच हो आएगा
भौजियों की चुहल से लजाएगी भी...

...रात गए लेकिन
उसका कलेजा धकधकाने लगेगा
टाँग में जैसे लक़वा मार जाएगा
लाख कोशिशों के बावजूद
उस घर की ओर उठता नहीं रहेगा
जिसमें उसका दूल्हा पलंग पर पलथा मारे
करियाई कड़ी मूँछ पर हाथ फेर रहा होगा!!
कुमार सौरभ
About the poet

कुमार सौरभ

View profile & all 27 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like