बुद्धिमान लड़की - कुँअर रवीन्द्र

कुँअर रवीन्द्रकुँअर रवीन्द्र15 Sept 1957

4 min read · 12.4K reads

एक बुद्धिमान लड़की
सप्ताह में एक दिन
डिग्रियों पर से धूल पोंछ कर
सहेज कर रख देती है
आलमारी में
एक बुद्धिमान लड़की
तितलियों की तरह
अब पंख नहीं संवारती
नहीं चहकती चिड़ियों की तरह
पिता या भाई की आवाज़ पर
एक बुद्धिमान लड़की
अब नही देखती आईना बार-बार
नहीं सम्हालती अपनी ओढ़नी
नहीं जाती खिड़की के पास बार-बार
एक बुद्धिमान लड़की
चीखती भी है जब कभी
एकांत में
तो अब नहीं लौटती उसकी आवाज़
टकरा कर किसी दीवार से
सोख ली जाती है
उसकी आवाजें दीवारों में
एक बुद्धिमान लड़की
सुबह उठती है
बच्चे को दूध पिलाती है नास्ता कराती है
स्कूल भेजती है
और तमाम घरेलू काम करती है
फिर रात में सो जाती है
सुबह फिर उठने
डिग्रियों को सम्हाल कर रखने
फिर रात में सो जाने के लिए
एक बुद्धिमान लड़की
कुँअर रवीन्द्र
About the poet

कुँअर रवीन्द्र

View profile & all 115 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like