घिरा रहता हूँ मैं भी आजकल अनगिन विचारों में - कुँअर बेचैन

कुँअर बेचैनकुँअर बेचैन1 Sept 1942 – 29 Sept 2021

4 min read · 12.4K reads

घिरा रहता हूँ मैं भी आजकल अनगिन विचारों में
कि जैसे इक अकेला चाँद इन लाखों सितारों में

किसे मालूम था वो वक़्त भी आ जाएगा इक दिन
कि खुद ही बाग़वां अंगार रख देंगे बहारों में

नदी तो है समंदर की, उधर ही जा रही है वो
है फिर भी ज़ंग ज़ारी क्यों नदी के दो किनारों में

अब हम लफ़्ज़ों से बाहर हैं हमें मत ढूंढिए साहब
हमारी बात होती है इशारों ही इशारों में

चमन में तितलियाँ हों या की भंवरे, रहना पड़ता है
इन्ही फूलों, इन्ही तीख़े नुकीले तेज़ खारों में

मुहब्बत की दुल्हन बैठी ही थी इस दिल की डोली में
कि फिर होने लगी साज़िश उधर बैठे कहारों में

कुछ ऐसे खेल भी हैं बीच में ही छूट जाते हैं
मैं ऐसा ही खिलाडी हूँ, न जीतों में न हारों में

छुपाने का हुनर हमने उजालों में नहीं देखा
कुँअर शामिल न कर लेना इन्हें तुम राजदारों में
कुँअर बेचैन
About the poet

कुँअर बेचैन

View profile & all 133 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like