नीलाभ जल - किशन सरोज

Kishan Sarojकिशन सरोज30 Jan 1939 – 8 Jan 2020

4 min read · 12.4K reads

बाँह फैलाए खड़े,
निरुपाय, तट के वृक्ष हम
ओ नदी ! दो चार पल, ठहरो हमारे पास भी ।

चाँद को छाती लगा
फिर सो गया
नीलाभ जल
जागता मन के अँधेरों में
घिरा निर्जन महल
और इस निर्जन महल के
एक सूने कक्ष हम
ओ भटकते जुगनुओ ! उतरो हमारे पास भी ।

मोह में आकाश के
हम जुड़ न पाए नीड़ से
ले न पाए हम प्रशंसा-पत्र
कोई भीड़ से
अश्रु की उजड़ी सभा के,
अनसुने अध्यक्ष हम
ओ कमल की पंखुरी ! बिखरो हमारे पास भी ।

लेखनी को हम बनाए
गीतवंती बाँसुरी
ढूंढते परमाणुओं की
धुंध में अलकापुरी
अग्नि-घाटी में भटकते,
एक शापित यक्ष हम
ओ जलदकेशी प्रिये ! सँवरो हमारे पास भी ।
Kishan Saroj
About the poet

Kishan Saroj किशन सरोज

जन्म - बरेली के बलियाग्राम में। किशन सरोज गीत विधा के रागात्मक भाव के कवि हैं। इन्होंने अब तक लगभग ४०० गीत लिखे हैं। इनके प्रेमपरक गीत सहज अभिव्यंजना एवं नवीन उत्प्रेक्षाओं के कारण मर्मस्पर्शी हैं। प्रकाशित कृतियाँ- नवगीत संग्रह- नंदन वन डूब गया। जन्म - बरेली…

View profile & all 32 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like