बादल-बादल भटकाया हमको - किशन सरोज

Kishan Sarojकिशन सरोज30 Jan 1939 – 8 Jan 2020

4 min read · 12.4K reads

दो बूँदें दृग से ढलका तुमने
बादल-बादल भटकाया हमको

खजुराहो, कोणार्क, एलिफेंटा,
ताज, अजँता, ऐलोरा-दर्शन
हरिद्वार, तिरुपति, प्रयाग,
काशी वैष्णो देवी, मथुरा-वृन्दावन
एक नदी-भर प्यास जगा
तुमने मृगजल-मृगजल भटकाया हमको

आग लगी मन-प्राणों में ऐसी
सिवा राख के कुछ भी नहीं बचा
लिखना था क्या-क्या लेकिन हमने
सिवा गीत के कुछ भी नहीं रचा
गीतों की सौगात सौँप तुमने
पागल-पागल भटकाया हमको

हर प्रात: पुरवा सँग हम घूमे
दिन-दिन भर सूरज के साथ चले
हर सँध्या जूगनू-जूगनू दमके
रात-रात भर बनकर दिया जले
झलक दिखा धूँधट-पट की तुमने
आँचल-आँचल भटकाया हमको
Kishan Saroj
About the poet

Kishan Saroj किशन सरोज

जन्म - बरेली के बलियाग्राम में। किशन सरोज गीत विधा के रागात्मक भाव के कवि हैं। इन्होंने अब तक लगभग ४०० गीत लिखे हैं। इनके प्रेमपरक गीत सहज अभिव्यंजना एवं नवीन उत्प्रेक्षाओं के कारण मर्मस्पर्शी हैं। प्रकाशित कृतियाँ- नवगीत संग्रह- नंदन वन डूब गया। जन्म - बरेली…

View profile & all 32 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like